Reported by: Adrash Tripathi
Edited by: Amit Yadav
महराजगंज: उत्कृष्ट और सराहनीय पुलिस सेवा के लिए गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने वर्ष 2026 के लिए महराजगंज जनपद के 26 पुलिसकर्मियों को प्रतिष्ठित सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस उपलब्धि से पूरे महराजगंज पुलिस महकमे में हर्ष का माहौल है
शुक्रवार को जारी आधिकारिक विवरण के अनुसार, जिले के 18 पुलिसकर्मियों को ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ और 08 पुलिसकर्मियों को ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान उनके दीर्घकालिक सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यों को रेखांकित करता है।
इन अधिकारियों और कर्मियों को मिला सम्मान
अति उत्कृष्ट सेवा पदक (18 कर्मी): इस प्रतिष्ठित सूची में निरीक्षक धनंजय कुमार राय (प्रभारी निरीक्षक बरगदवा), निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय (प्रभारी निरीक्षक भिटौली) के साथ-साथ उपनिरीक्षक गुड्डू प्रभाकर (यातायात), संजय कुमार सिंह (साइबर क्राइम), रविन्द्र नारायण मिश्र, हरिश्चन्द्र राम, घिराऊ, सुजीत कुमार सिंह, देवमणि यादव तथा मुख्य आरक्षी रामबाबू मौर्य, जय प्रकाश दीक्षित, तारकेश्वर पाण्डेय, नन्दलाल यादव, शत्रुघ्न शर्मा, नन्दलाल चौरसिया, शिव कुमार मिश्रा, ओम प्रकाश यादव और बृजेश कुमार शामिल हैं।
उत्कृष्ट सेवा पदक (08 कर्मी): इस श्रेणी में मुख्य आरक्षी धनु कुमार यादव, नरसिंह कुशवाहा, हरिकेश्वर मणि त्रिपाठी, परवेज आलम, संतोष कुमार राव, सुदर्शन, विश्वनाथ राम और रामानन्द को सम्मानित किया गया है।
एसपी ने दी बधाई, कहा– यह हमारी कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान
पुलिस अधीक्षक (SP) महराजगंज, श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने पदक से सम्मानित होने वाले सभी पुलिसकर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि “पुलिसकर्मियों को प्रदान किए गए ये सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा और समर्पण का प्रमाण हैं।”
एसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों से इसी प्रकार पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और ऊर्जा के साथ जनसेवा व पुलिस कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई है, ताकि विभाग की गरिमा और ऊंची हो सके।




