*भाटापारा (जांजगीर-चांपा)।* महिला सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य भक्ति भजन संध्या कार्यक्रम में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। समिति द्वारा इस विशेष अवसर पर छत्तीसगढ़ की जानी-मानी लोक एवं भजन गायिका *पत्रिका खुरसेंगा* को आमंत्रित किया गया था

गायिका पत्रिका खुरसेंगा ने जैसे ही मंच संभाला, पूरा पंडाल “मोर मन के माता रानी” के जयकारों से गूंज उठा। उन्होंने एक से बढ़कर एक माता के भजन और छत्तीसगढ़ी लोक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर उपस्थित श्रोता देर रात तक झूमते रहे। भजन संध्या के दौरान ऐसा भक्तिमय माहौल बना कि लोग खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए।
कार्यक्रम में सबसे खास बात यह रही कि भजन सुनने के लिए सिर्फ भाटापारा ही नहीं, बल्कि दूर-दूर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। पूरे परिसर में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में भजनों को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देवी स्वरूपा छोटी कन्या की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद आतिशबाजी कर कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। मंच को गुब्बारों और फूल-मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया था। रात के अंधेरे में आतिशबाजी की रोशनी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
महिला सेवा समिति की सदस्यों ने बताया कि समिति का उद्देश्य समाज में भक्ति, संस्कृति और महिला एकता को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति की सभी महिलाओं का विशेष योगदान रहा।
अंत में गायिका पत्रिका खुरसेंगा का समिति द्वारा सम्मान किया गया और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।




