*संपादक मिंटू श्याम सारथी-* शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी कटघोरा ने सर्वमंगला देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक पूर्णतः रोक लगा दी है।
कटघोरा एसडीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार सर्वमंगला मंदिर पहुंच मार्ग मुख्य मार्ग है। नवरात्रि के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से दर्शन के लिए मंदिर प्रांगण में पहुंचते हैं। भीड़ के कारण श्रद्धालु बाईपास मार्ग का उपयोग पैदल आवागमन के लिए करने लगते हैं, जिससे भारी वाहनों के चलने पर हादसे की आशंका बनी रहती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए हर साल की तरह इस वर्ष भी यह मार्ग नवरात्रि पर भारी वाहनों के लिए बंद रखा गया है।
आदेश में कहा गया है कि मंदिर प्रबंधन के आवेदन और तहसीलदार दर्री व थाना प्रभारी कुसमुंडा की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। सर्वमंगला चौक से कनकी की ओर जाने वाले बाईपास मार्ग पर दर्शनार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए दिनांक 10.10.2026 से 19.10.2026 तक भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान भारी वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग के रूप में बांकीमोंगरा और दीपका होते हुए आवागमन कर सकते हैं।




