अग्रहरी रेस्टोरेंट के नाम पर चल रही संदिग्ध गतिविधियों का पर्दाफाश, पुलिस कार्यप्रणाली पर उठे बड़े सवाल

Listen This

Reported by: Adrash Tripathi 

Edited by: Amit Yadav 

महराजगंज/सिन्दुरिया: सिंदुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। क्षेत्र के भागाटार स्थित ‘अग्रहरी रेस्टोरेंट‘ की आड़ में कथित रूप से अवैध और संदिग्ध गतिविधियों के संचालन का मामला प्रकाश में आया है, जिससे स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के दावों और हकीकत में अंतर:

एक तरफ जहां स्थानीय पुलिस प्रशासन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर महकमे द्वारा यह दावा किया जाता है कि क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पर पूरी तरह रोक है, वहीं भागाटार की इस घटना ने इन दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के तमाम दावों के बावजूद धरातल पर स्थितियां इसके विपरीत हैं और जिम्मेदार अधिकारी इन मामलों में चुप्पी साधे हुए हैं।

पूर्व की घटनाओं से सबक नहीं:

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सिंदुरिया थाना क्षेत्र में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों का सामने आना पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार कैफे और रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध धंधे उजागर हो चुके हैं। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और ढुलमुल रवैये के कारण इस तरह के अवैध कारोबारों को बढ़ावा मिल रहा है और संचालकों के हौसले बुलंद हैं।

जनता में भारी रोष, उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग:

इस पूरे प्रकरण को लेकर स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जनता ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेते हुए भागाटार स्थित अग्रहरी रेस्टोरेंट की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इस मामले में कठोर विधिक कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

और पढ़ें